September 25, 2026

छत्तीसगढ़ सक्ती जिले में दिन दहाड़े दो अज्ञात बदमाश ने पूर्णिमा चौहान नाम की युवती पर चलाई गोली ईलाज के दौरान युवती की हुई मौत आरोपी फरार

IMG_20260626_155852

सक्ती 26 जून 2026। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोंगरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान को तीन गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूर्णिमा चौहान अपनी मां के साथ मौजूद थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

35 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website |  + posts

Letest posts