September 28, 2026

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पावारास चौक से कलेक्टोरेट तक निकाली पदयात्रा

IMG-20260928-WA0020_copy_512x341

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पावारास चौक से कलेक्टोरेट तक निकाली पदयात्रा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग, राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन*

सुकमा. जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा के अध्यक्ष कवासी हरीश लखमा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पावारास चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पदयात्रा निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पदयात्रा के बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया।

कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त पर एकतरफा निर्णय लेने, आयोग के भीतर उठाई गई आपत्तियों को नजरअंदाज करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस ने वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की जांच की मांग भी की है।

ज्ञापन में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में कथित विसंगतियों, चुनावी डेटाबेस के केंद्रीकरण, वैधानिक प्रपत्र-6 में कथित अनधिकृत बदलाव तथा निष्पक्ष चुनाव के संवैधानिक सिद्धांतों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने इन मामलों की स्वतंत्र समीक्षा और आवश्यक सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग रखी है।

ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की कथित अवहेलना तथा चुनाव आयोग पर राजनीतिक दबाव में काम करने के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस ने मांग की कि मतदाता सूची में हुए महत्वपूर्ण बदलावों का पारदर्शी रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए, चुनाव संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निराकरण हो तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

2 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website |  + posts

Letest posts