October 28, 2026

CG News : आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, जीआरपी चौकी की छत उड़ी, पेड़ गिरे, ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

IMG_20260530_212700_copy_356x199

CG News : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट लेते हुए तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ दस्तक दी। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं ने कई स्थानों पर नुकसान भी पहुंचाया। आंधी-तूफान के चलते बिजली व्यवस्था चरमरा गई और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा।


तेज हवाओं के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। कई ग्रामीण और शहरी इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की टीमें देर शाम तक प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।

सबसे ज्यादा नुकसान गौरेला रेलवे स्टेशन परिसर स्थित जीआरपी चौकी को हुआ। तेज आंधी के दौरान चौकी की पूरी टीन शेड छत उड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैरक के पास मौजूद जवान तेज आवाज सुनकर दूसरे कमरे की ओर पहुंचे ही थे कि कुछ ही क्षणों में चौकी प्रभारी कक्ष समेत पूरी छत हवा में उड़ गई। इस दौरान चौकी में मौजूद कुछ जवानों को मामूली चोटें भी आईं।

बताया जा रहा है कि अंग्रेजों के समय निर्मित पुरानी जीआरपी चौकी की टीन शेड करीब 500 मीटर दूर प्लेटफॉर्म के बाहर जाकर गिरी। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन चौकी में रखे कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।

इधर, कमानिया गेट क्षेत्र में एक मंदिर के पास स्थित विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। स्थानीय प्रशासन और नगर निकाय की टीमों द्वारा मार्ग को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि लंबे समय से गर्मी से परेशान लोगों ने मौसम में आए इस बदलाव का स्वागत किया और तापमान में आई गिरावट से राहत महसूस की।

 

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम के इसी तरह बने रहने और कहीं-कहीं तेज हवा, गरज-चमक तथा बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

57 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website | + posts

Letest posts