September 8, 2026

ब्रेकिंग: CBI 14 घंटे चली CBI रेड हुई खत्म अपने साथ भूपेश बघेल के तीन मोबाइल ले गयी, CBI छापे के बाद बोले, रायपुर निवास में अगर कुछ मिला तो मेरी जिम्मेदारी नहीं..

IMG_20250326_224635

Bhupesh Baghel CBI Raid : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास और कार्यालय पर 14 घंटे तक चली सीबीआई (CBI) की छापेमारी देर रात खत्म हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ निवास के बाहर जुटी रही। छापे के बाद भूपेश बघेल ने बाहर आकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और इस पूरी कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार दिया।

 

14 घंटे तक चली छानबीन, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सीबीआई की टीम रविवार सुबह भूपेश बघेल के निवास और कार्यालय पहुंची थी। पूरी कार्रवाई करीब 14 घंटे तक चली। छापेमारी के दौरान उनके परिवार के सदस्य भी छत पर नजर आए। जैसे ही बघेल बाहर निकले, समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और कुछ देर बाद घर के अंदर चले गए।

15 दिन में दूसरी बार छापा, ये राजनीतिक प्रताड़ना‘
हालांकि कुछ देर में भूपेश बघेल फिर बाहर आये और मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, “15 दिन पहले ईडी (ED) ने मेरे निवास पर छापा मारा था और अब सीबीआई आई है। यह विशुद्ध रूप से राजनीतिक कार्रवाई है। पूरे भारत में 50 जगहों पर छापेमारी की गई है, लेकिन असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है।” उन्होंने दावा किया कि सरकार उन्हें बदनाम और प्रताड़ित करने की कोशिश कर रही है।

महादेव सट्टा एप के असली दोषियों पर कार्रवाई नहीं‘
पूर्व मुख्यमंत्री ने महादेव सट्टा एप को लेकर कहा, “हमने सबसे ज्यादा कार्रवाई महादेव एप पर की है। हमने केंद्र सरकार से अपील की थी कि इस मामले में लुकआउट सर्कुलर जारी किया जाए, लेकिन सौरभ चंद्राकर को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। जो असली दोषी हैं, उन पर कार्रवाई नहीं हो रही, बल्कि जांच एजेंसियां हमारे पीछे लगी हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से पहले छापेमारी‘
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि यह छापेमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी यात्रा से पहले जानबूझकर कराई गई है। उन्होंने कहा, “30 तारीख को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। उनके भाषण के लिए कोई मुद्दा चाहिए, इसलिए यह छापा मारा गया। सीबीआई ने मेरी संपत्ति की जांच की, लेकिन इससे पहले रमन सिंह भी मेरी संपत्ति की जांच करवा चुके हैं। अगर कुछ भी गलत होता, तो पहले ही सामने आ जाता।”

CBI ने जब्त किए तीन मोबाइल फोन
बघेल ने बताया कि सीबीआई उनके तीन मोबाइल फोन जब्त कर ले गई है। उन्होंने कहा, “अगर मेरे रायपुर निवास में कुछ भी मिलता है, तो उसकी जिम्मेदारी मेरी नहीं है। यह पूरी कार्रवाई सिर्फ मुझे परेशान करने के लिए की जा रही है।”

‘सभी जांच एजेंसियां एक साथ आएं, मैं जांच के लिए तैयार‘
उन्होंने कहा, “ईडी शराब घोटाले के नाम पर आई थी, अब सीबीआई महादेव सट्टा एप के नाम पर आ गई। मैं सभी को कहता हूं कि एक साथ आ जाएं और पूरी जांच कर लें, ताकि बार-बार मुझे परेशान न किया जाए।”

पंजाब में हार का डर सता रहा है भाजपा को‘
बघेल ने आगे कहा कि पंजाब में कांग्रेस की मजबूती से भाजपा परेशान है और इसलिए उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, “इनको बहुत मिर्ची लग रही है, क्योंकि पंजाब में स्थिति उनके खिलाफ जा रही है। यही वजह है कि मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है।”सीबीआई की छापेमारी के बाद भूपेश बघेल ने इसे पूरी तरह से राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा कि असली अपराधियों पर कार्रवाई न कर, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले दिनों में इस मामले में और क्या नए मोड़ आते हैं।

489 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts