September 8, 2026

15 हिरणों की मौत: वन विभाग की बड़ी लापरवाही से गयी हिरणों की जान, वन विभाग ने कुत्तों को बताया हत्या का गुनाहगार, चुपके से हिरणों को जलाने…

Picsart_26-03-22_22-10-43-486

सरगुजा 22 मार्च 2026। अंबिकापुर से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां संजय पार्क प्रबंधन और वन विभाग की कथित लापरवाही के चलते बड़ी संख्या में वन्यजीवों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पार्क में बनाए गए बाड़े में रखे गए हिरण और कोटरी पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिसमें करीब 15 वन्यजीवों की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर बाड़े का गेट खुला रह गया था, जिससे 4 से 5 कुत्ते अंदर घुस गए और उन्होंने हिरणों तथा कोटरी पर हमला कर दिया। इस हमले में बड़ी संख्या में जानवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 15 की मौत हो गई। घटना के बाद पार्क परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मामले को और गंभीर बनाता है घटना के बाद की गई कार्रवाई। सूत्रों के अनुसार, संजय पार्क प्रबंधन और वन विभाग के अधिकारियों ने इस घटना को दबाने की कोशिश की। मृत जानवरों के शवों को पार्क के पीछे जंगल में ले जाकर कथित रूप से जला दिया गया, ताकि मामले की जानकारी बाहर न जा सके। हालांकि, जिस स्थान पर शवों को जलाया गया, वहां से अवशेष और खून के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इतना ही नहीं, उस क्षेत्र में खून से सना एक धारदार हथियार मिलने का दावा भी किया जा रहा है, जिससे मामले में और संदेह गहरा गया है।

यह भी आरोप है कि संजय पार्क में हिरण और कोटरी को रखने के लिए आवश्यक अनुमति Central Zoo Authority से नहीं ली गई थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है, तो यह न केवल लापरवाही बल्कि नियमों की अनदेखी का गंभीर मामला बन सकता है।

घटना की पुष्टि करते हुए डीएफओ अभिषेक जोगावत ने माना कि पार्क प्रबंधन और वन विभाग की लापरवाही के चलते ही यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एसडीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है, जो दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। डीएफओ सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं।

फिलहाल, इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान को जानवरों की सुरक्षा के लिए बनाया गया था, वहीं उनकी जान खतरे में पड़ गई। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर इस पूरी घटना के लिए जिम्मेदार कौन है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

192 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts