September 8, 2026

हादसे ने निर्माण कार्य की खोली पोल रिसदा में अहिल्याबाई कन्वेशन हॉल भरभराकर गिरा

IMG_20250713_215029

कोरबा 13 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिसदी क्षेत्र में करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से बने अहिल्याबाई होलकर कन्वेंशन हॉल का छज्जा उद्घाटन के एक महीने बाद ही भरभराकर गिर गया। इस हादसे ने न सिर्फ निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है।
कन्वेंशन हॉल का निर्माण डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) निधि से कराया गया था और इसका लोकार्पण एक माह पूर्व ही एक कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति में धूमधाम से किया गया था। लेकिन मात्र कुछ ही दिनों में भवन की सीलिंग और छज्जा ढह जाना, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रशासनिक निगरानी पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।

हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन यदि यह घटना किसी कार्यक्रम या भीड़भाड़ के समय होती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी उबाल है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नत्थू लाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “उद्घाटन के एक महीने के भीतर ही इस तरह की घटना होना यह साबित करता है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं हुई हैं। ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

वहीं, भाजपा नेताओं ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि सरकारी धन की बर्बादी और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर जांच में जुटा हुआ है, और निर्माण एजेंसी से जवाब-तलब किया गया है।
यह मामला न केवल एक निर्माण त्रुटि है, बल्कि यह एक सिस्टम फेलियर की ओर भी इशारा करता है, जहां करोड़ों खर्च करने के बाद भी एक भवन एक माह भी टिक नहीं पाया। अब देखना यह होगा कि प्रशासन दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है और क्या भविष्य में ऐसे निर्माणों पर सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाती है या नहीं।

229 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts