September 8, 2026

बड़ी खबर: बंगाल में BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, बीच सड़क पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

IMG_20260507_115054

पश्चिम बंगाल 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। भाजपा ने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ बुधवार रात करीब 10:30 बजे कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर स्कॉर्पियो वाहन से लौट रहे थे। वह ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे थे। वाहन में ड्राइवर बुद्धदेब बेरा और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि डोलतला से मध्यमग्राम के बीच एक संदिग्ध कार स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। कुछ दूरी पर कार अचानक आगे आकर रुकी और स्कॉर्पियो का रास्ता रोक दिया।

इसी दौरान बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और वाहन की बाईं ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो गोलियां सीने को चीरते हुए आर-पार निकल गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। फायरिंग में ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं ड्राइवर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने इसे “प्लान्ड मर्डर” करार दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बंगाल में गुंडागर्दी के खिलाफ भाजपा अब निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार हमलावरों की तलाश जारी है।

229 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts