September 8, 2026

CG- कवर्धा SP ने कहा हत्यारे का सुराग देने वालों को मिलेगा 10000 का ईनाम, सत्यम हत्याकांड में पुलिस एक्शन में…

IMG-20260306-WA0013

कवर्धा 14 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हुए चर्चित सत्यम मानिकपुरी हत्याकांड की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र छवई ने आरोपियों के बारे में जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

दरअसल, 18 जनवरी की रात लालपुर कला नर्सरी के पीछे एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। बाद में मृतक की पहचान सत्यम मानिकपुरी (27) के रूप में हुई, जो पेशे से शिक्षक बताए जा रहे हैं। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था और लोगों में काफी आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया था।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि 11 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस को हत्यारों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की जांच कई दिशाओं में आगे बढ़ रही है, लेकिन अब तक कोई ऐसा तथ्य सामने नहीं आया है जिससे हत्या के पीछे की सच्चाई का खुलासा हो सके।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के घर से लेकर घटनास्थल और उसके आसपास के संभावित रास्तों तक लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल डाली है। पुलिस ने कॉलोनियों, दुकानों, चौराहों और गलियों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी बारीकी से देखी, लेकिन अब तक कोई ऐसा फुटेज सामने नहीं आया है जो सीधे तौर पर हत्याकांड की ओर इशारा करता हो।
इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में 40 से अधिक लोगों से पूछताछ भी की है। इनमें मृतक के दोस्त, परिचित, सहकर्मी और वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें अंतिम बार सत्यम के साथ देखा गया था। पुलिस ने हर संभावित पहलू पर जांच की, लेकिन अब तक किसी भी बयान से जांच को निर्णायक दिशा नहीं मिल सकी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है और हर एंगल से जांच की जा रही है। इसी कड़ी में अब पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। एसपी धर्मेंद्र छवई ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति आरोपियों के बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का मानना है कि किसी स्थानीय व्यक्ति को इस मामले के बारे में अहम जानकारी हो सकती है, जो जांच में मददगार साबित हो सकती है। इसलिए आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि यदि किसी को इस हत्याकांड से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

146 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts