September 8, 2026

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

IMG_20260512_155323_copy_356x228

बिलासपुर, 12 मई 2026/जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याओं को सुना। जनदर्शन में आज अवैध कब्जा, सीमांकन, महतारी वंदन योजना, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से संबंधित प्रकरण ज्यादा प्राप्त हुए।
जनदर्शन में आज मस्तुरी विकासखण्ड के बेलपान गांव के ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि गांव में स्थापित कालिन्दी इस्पात कंपनी द्वारा भूजल का अत्यधिक दोहन किए जाने से गांव में जल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी ने पूर्व में शिवनाथ नदी से पानी उठाने की बात कहीं थी लेकिन वर्तमान में बोरवेल और पाइपलाइन के माध्यम से भूजल का अंधाधंुध दोहन औद्योगिक कामों के लिए किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। मस्तुरी विकासखण्ड के ग्राम पोड़ी के किसानों ने बांधा जलाशय चौड़ीकरण कार्य में अधिग्रहित निजी भूमि की मुआवजा डेढ़ दशक बाद भी नहीं मिलने की शिकायत की। पोड़ी के लगभग 40 किसानों का मुआवजा अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। कलेक्टर ने भू अभिलेख शाखा को उनका आवेदन भेजते हुए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए है। जरहाभाठा निवासी अमीना बेगम ने निराश्रित पेंशन की राशि पुनः चालू करने की मांग करते हुए आवेदन दिया। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वह अभी जीवित है लेकिन नगर निगम द्वारा उन्हें मृत बताकर पेंशन बंद कर दिया है। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक को इसी जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। वहीं जिले की विभिन्न शराब दुकानों में कार्यरत करीब 150 सुरक्षा गार्डों ने जनदर्शन में पहुंचकर पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की। गार्डों ने बताया कि निर्धारित समय से अधिक ड्यूटी लेने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन और ओवरटाइम भुगतान नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम लमेर के एक युवा किसान भाग्योदय ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने की इच्छा जताते हुए कलेक्टर से कृषि ड्रोन पायलट प्रशिक्षण और ड्रोन खरीदी में सब्सिडी प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि वे गांव में ही स्वरोजगार शुरू कर सकें। वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत पाली (नवाडीह) के निवासी बड़ी संख्या में मोहल्ले के बीचों-बीच लगाए गए 6 बिजली खंभों के विरोध में नजर आए। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा अपने निजी उपयोग के लिए सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर ये खंभे लगवाए गए हैं, जिससे बस्ती में हादसे का खतरा बढ़ गया है। कलेक्टर ने इसे टीएल पंजी में दर्ज करते हुए बिजली विभाग को अगली बैठक में जवाब देने को कहा है। पेंशन संबंधी समस्या को लेकर ग्राम खैरखुड़ी से आईं संयोगिता भारद्वाज ने आवेदन सौंपते हुए बताया कि पिछले एक साल से उनकी विधवा पेंशन रोक दी गई है और महतारी वंदन योजना का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गढ़वट के एवसराम कश्यप ने मोटराइज्ड ट्रायसायकल दिलाने कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
रचना/93/916
–00–

31 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts