June 4, 2026

बहेन ने लगाई विधायक भाई को फोन बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो ने समर्थक के साथ मिलकर, SDM के सामने नायब तहसीलदार,तुषार मानिकपुरी,की कर दी पिटाई

IMG_20260528_160349

सरगुजा 28 मई 2026। सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में नायब तहसीलदार के कपड़े फाड़े जाने की बात भी सामने आई है। दूसरी ओर विधायक की रिश्तेदार की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ ही विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी है और कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार पूरा मामला विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बड़ी बहन सीमा धनकी से जुड़ा हुआ है। सीमा धनकी ने अपने जेल में बंद पति को पैरोल पर बाहर निकालने के लिए जमीन का शोध क्षमता प्रमाण पत्र बनवाने हेतु 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि फाइल की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर नहीं हो रहे थे और उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे थे।
सीमा धनकी का आरोप है कि 27 मई को जब वे नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के कार्यालय पहुंचीं और फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया, तब नायब तहसीलदार भड़क गए। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “तुम कौन होती हो मुझे साइन करने के लिए कहने वाली” और फाइल फेंक दी। साथ ही दुर्व्यवहार करते हुए दूसरे स्थान पर जाकर हस्ताक्षर करवाने की बात कही और कार्यालय से बाहर जाने को कहा।

इसके बाद सीमा धनकी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने विधायक भाई रामकुमार टोप्पो को दी। आरोप है कि उसी शाम विधायक के पीए द्वारा फोन कर नायब तहसीलदार को राजापुर बुलाया गया। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी एसडीएम फागेश सिन्हा के साथ राजापुर चौक पहुंचे, जहां विधायक और उनके 30 से 40 समर्थक पहले से मौजूद थे।

नायब तहसीलदार का आरोप है कि विधायक ने उनसे अपनी बहन के साथ कथित अभद्रता का कारण पूछा। जब उन्होंने जवाब दिया कि महिला को केवल अगले दिन आने के लिए कहा गया था क्योंकि रीडर मौजूद नहीं था, तभी विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। किसी तरह एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव कर उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला।

एसडीएम फागेश सिन्हा ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान विधायक और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद बड़ी मुश्किल से उन्हें बचाया गया।घटना के बाद नायब तहसीलदार, एसडीएम और अन्य राजस्व अधिकारियों ने कलेक्टर अजीत बसंत से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे।

हालांकि दूसरी ओर विधायक की रिश्तेदार सीमा धनकी की शिकायत पर सीतापुर थाने में नायब तहसीलदार के खिलाफ जातिसूचक गाली-गलौज, धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।कलेक्टर अजीत बसंत ने मामले में कहा कि विधायक द्वारा तहसीलदार के दुर्व्यवहार की शिकायत की गई थी, वहीं नायब तहसीलदार और एसडीएम ने भी मारपीट की जानकारी दी है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर मामले को लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ भी खुलकर सामने आ गया है। संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान नायब तहसीलदार के साथ मारपीट बेहद निंदनीय है। संघ ने दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की, तो सरगुजा जिले के अधिकारी सामूहिक हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी को SDM के सामने बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने की पिटाई

204 Views
WhatsApp Image 2025-01-27 at 23.54.03_6c0bd3c6
Website |  + posts

Letest posts