September 8, 2026

जनदर्शन में 103 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कलेक्टर ने शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश पीएम आवास राशि गबन, पेयजल संकट, अतिक्रमण, अवैध खनन और राजस्व मामलों पर प्रशासन ने दिखाई गंभीरता

IMG_20260505_180156_copy_290x459

बिलासपुर, 5 मई 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 103 आवेदन विभिन्न विषयों से संबंधित प्राप्त हुए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने कहा। जनदर्शन में राजस्व, आवास, पेयजल, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों की अधिकता रही।
जनदर्शन में पचपेड़ी तहसील के ग्राम बिनौरी निवासी बुजुर्ग श्री तुलसीराम कुर्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत राशि में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम स्वीकृत 95 हजार रुपए की किश्त अन्य व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित कर राशि का दुरुपयोग किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को जांच कर राशि वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बेलतरा तहसील के बैमा गांव के ग्रामीणों ने मुक्तिधाम से अतिक्रमण हटाने संबंधी तहसीलदार के आदेश का पालन नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान भूमि से कब्जा हटाने में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
तखतपुर क्षेत्र से भी कई आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम सिलतरा निवासी श्रीमती गुलाबा बाई साहू ने शौचालय निर्माण हेतु आर्थिक सहायता की मांग की, वहीं ग्राम चनाडोंगरी निवासी श्री राजेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मजदूरी भुगतान लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में जिला पंचायत को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। मोछ गांव के ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर कुम्हार तालाब में अवैध मशीनों से खुदाई कर मुरूम चोरी की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि इससे जनजीवन और जलस्रोत दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कलेक्टर ने उप संचालक खनिज को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
रतनपुर तहसील के ग्राम पोंड़ के ग्रामीणों ने चारडबरी तालाब को एक निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज किए जाने और उनके द्वारा जलस्रोत को पाटे जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने कोटा एसडीएम को जांच कर नामांतरण की वैधता परीक्षण करने तथा तालाब संरक्षण हेतु कार्रवाई के निर्देश दिए। तखतपुर के ग्राम कुवां निवासी श्री प्रतिम श्रीवास ने गैस कनेक्शन स्वीकृत होने के बावजूद सिलेंडर सुविधा नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने खाद्य नियंत्रक को मामले की जांच कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने कहा।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी एवं ग्राम पत्थरखान से पेयजल संकट के मामले भी जनदर्शन में पहुंचे। ग्राम गोढ़ी की सरपंच ने बताया कि गांव में जलस्तर 500 मीटर से नीचे पहुंच गया है तथा जल जीवन मिशन की टंकी वर्षों से बंद पड़ी है। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को परीक्षण कर शीघ्र व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। इसी तरह इमलीभांटा स्थित अटल आवास ब्लॉक-ए के रहवासियों ने आवासीय समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर नगर निगम आयुक्त को आवश्यक निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया। जनदर्शन में आज राजस्व सीमांकन, अतिक्रमण, आवास निर्माण, पेयजल और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।

111 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts