October 27, 2026

5 लाख का रिश्वत लेते एनटीपीसी का डीजीएम विजय दुबे गिरफ्तार मुआवजे के लिए मांगी थी रिश्वत

IMG_20250916_221526

CG News : रायगढ़। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) विजय दुबे को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई तिलाईपाली गांव के निवासी सौदागर गुप्ता की शिकायत पर की गई, जिन्होंने अधिकारी पर पुनर्वास योजना के तहत मुआवजा राशि दिलाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।

 

सौदागर गुप्ता ने एसीबी को बताया कि उनके गांव तिलाईपाली में उनके मकान का तीन हिस्सों में मौखिक बंटवारा हुआ है, जिसमें वह और उनके दो पुत्र अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। एनटीपीसी द्वारा भूमि अधिग्रहण के दौरान उन्हें जमीन और मकान का मुआवजा मिल चुका था। हालांकि, पुनर्वास योजना के तहत उनके पुत्रों को करीब 30 लाख रुपये का मुआवजा मिलना था। इसमें से 14 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था, लेकिन शेष 16 लाख रुपये दिलाने के लिए विजय दुबे ने 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।

 

शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी की मदद से आरोपी को पकड़वाने का फैसला किया। एसीबी ने शिकायत की जांच के बाद ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। 16 सितंबर 2025 को, एसीबी की टीम ने तिलाईपाली के पास एक पेट्रोल पंप पर जाल बिछाया। जैसे ही विजय दुबे ने शिकायतकर्ता से 4.50 लाख रुपये की रिश्वत ली, उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में ले चुका था।

 

रिश्वत की पूरी रकम मौके से जब्त कर ली गई। विजय दुबे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। एसीबी ने कहा कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

211 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website | + posts

Letest posts