September 9, 2026

CG:स्कूल में कार ट्रैक्टर पर स्टंट करते दिखे बच्चे टीचर बने रहे मुख दर्शक

IMG_20260206_185716

बिलासपुर 6 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करने वाला मामला सामने आया है। सकर्रा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विदाई पार्टी के दौरान छात्रों ने स्कूल परिसर को ही स्टंटबाजी का अड्डा बना दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र कार और ट्रैक्टर लेकर स्कूल परिसर में घुसे और रील बनाने के चक्कर में जानलेवा स्टंट करने लगे।

जानकारी के अनुसार, विदाई समारोह के नाम पर स्कूल में जश्न का माहौल था, लेकिन यह जश्न जल्द ही लापरवाही और खतरनाक हरकतों में बदल गया। छात्रों ने न केवल स्कूल परिसर में वाहनों की एंट्री कराई, बल्कि तेज रफ्तार में कार और ट्रैक्टर से स्टंट भी किए। इसी दौरान कार और ट्रैक्टर की आपस में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई छात्र या शिक्षक गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन हालात ऐसे थे कि कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
इस पूरी घटना ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टंटबाजी के दौरान प्राचार्य और शिक्षक मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने न तो छात्रों को रोका और न ही समय रहते स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। शिक्षक और प्राचार्य मूकदर्शक बने रहे, जिससे छात्रों का हौसला और बढ़ता चला गया।

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि यह सब कुछ शासकीय स्कूल परिसर में हो रहा था, जहां अनुशासन, सुरक्षा और नियमों का पालन सबसे ज्यादा जरूरी होता है। यदि टक्कर के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर छात्रों की भीड़ में घुस जाते, तो बड़ा हादसा तय था। स्कूल में मौजूद अन्य छात्र, कर्मचारी और आसपास के लोग भी खतरे में पड़ सकते थे।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की यह लापरवाही बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ के समान है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर स्कूल परिसर में वाहन कैसे घुसने दिए गए और इतनी बड़ी घटना के बावजूद जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।

330 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts