September 21, 2026

भाजपा नेता को जिंदा जलाने वाले मास्टर माइंड मनोज त्रिपाठी सहित 4 ने किया थाने में सरेंडर

IMG_20260620_224812

कोरिया 20 जून 2026। कोरिया जिले में रेत तस्करी और वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा नेता भरत सिंह समेत तीन लोगों की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड के मास्टर माइंड मनोज त्रिपाठी सहित चार आरोपियों ने आज शनिवार को मनेंद्रगढ़ थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि 16 जून की देर रात कोरिया जिले के नौगईं गांव में आरोपियों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत फॉर्च्यूनर वाहन को घेर लिया था। आरोप है कि वाहन के आगे और पीछे हाईवा खड़ा कर रास्ता रोका गया। जिसके बाद आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इस दर्दनाक घटना में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई थी। वहीं वाहन में सवार उनके चचेरे भाई एवं शिक्षक नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान बिलासपुर में दम तोड़ दिया था।
तीसरे घायल की मौत अंबिकापुर में इलाज के दौरान हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया था। शुरुआती कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि इस वारदात का मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। शनिवार को मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, अमन और आशुतोष त्रिपाठी ने मनेंद्रगढ़ थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही एमसीबी एसपी रत्ना सिंह भी थाने पहुंचीं।

पुलिस दबाव में किया सरेंडर
एसपी रत्ना सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही थी। उनकी तलाश में पुलिस टीमों को छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में भी सक्रिय किया गया था। फरार आरोपियों की तस्वीरें संबंधित राज्यों की पुलिस को भी भेजी गई थीं। पुलिस का दावा है कि लगातार दबाव और छापेमारी के कारण आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया। मामले की आगे की विवेचना कोरिया पुलिस द्वारा की जाएगी। उधर इस जघन्य हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा था। घटना के विरोध में करणी सेना ने भी प्रदर्शन का ऐलान किया था। लगातार बढ़ते जनदबाव और पुलिस की कार्रवाई के बीच आरोपियों पर सरेंडर का दबाव बढ़ता गया।

एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद नौ आरोपियों में से अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार या आत्मसमर्पण कर चुके हैं। एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रदेश में रेत तस्करी को लेकर हुई इस तिहरे हत्याकांड ने कानून.व्यवस्था और अवैध खनन के नेटवर्क को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

31 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website |  + posts

Letest posts