September 5, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह की कलेक्टर-SP पर नाराजगी पर सियासत तेज: अरुण साव बोले- उनकी बातों को गंभीरता से लेना चाहिए, भूपेश बघेल ने भी कसा तंज

IMG_20260601_145607_copy_540x360

रायपुर 1 जून 2026। बेमेतरा दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने डॉ. रमन सिंह की बातों को गंभीरता से लेने की सलाह दी है, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर तंज कसा है।

दरअसल, बेमेतरा में एक कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। उनकी टिप्पणी के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि डॉ. रमन सिंह राज्य के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं। वे केंद्र सरकार में मंत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। ऐसे में उनकी बातों को केवल राजनीतिक दलों को ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों को भी गंभीरता से लेना चाहिए।

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि “डॉक्टर साहब का गुस्सा बता रहा है कि सरकार की सेहत खराब है। लेकिन दिक्कत ये है कि डॉक्टर साहब परहेज मरीज को बताने की बजाय तीमारदार को बता रहे हैं।”

भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि विधानसभा अध्यक्ष जिस प्रकार से मुख्यमंत्री के सम्मान की रक्षा कर रहे हैं, वह देखना सुखद है। उनके इस बयान को सत्ता पक्ष पर राजनीतिक कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

डॉ. रमन सिंह की टिप्पणी और उसके बाद आए राजनीतिक बयानों ने इस मुद्दे को और गर्मा दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवाल अब राजनीतिक बहस का विषय बनते जा रहे हैं।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों की नजरें आगे होने वाली प्रतिक्रियाओं पर टिकी हुई हैं।

39 Views
file_000000003cc88211a4e8a183773d14b4
Website |  + posts

Letest posts