November 18, 2026

एनएचएम भर्ती में अनियमितता का आरोप, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन

file_00000000349482118ac18c4bf2930409_copy_579x434

एनएचएम भर्ती में अनियमितता का आरोप, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन

सीएचओ भर्ती की शॉर्टलिस्टिंग और मेरिट निर्धारण पर उठाए सवाल, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

सुकमा. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और स्थानीय शिक्षित युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भर्ती प्रक्रिया की शॉर्टलिस्टिंग और मेरिट निर्धारण में स्थानीय अभ्यर्थियों की अनदेखी की जा रही है तथा बाहरी जिलों और राज्यों के उम्मीदवारों को अवसर दिया जा रहा है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि भर्ती विज्ञापन के अनुसार एक रिक्त पद के विरुद्ध 10 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल करने का प्रावधान होने के बावजूद केवल 5 अभ्यर्थियों को ही शॉर्टलिस्ट किया गया है। वहीं, समान शैक्षणिक अंक होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को अवसर नहीं मिलने की बात भी उठाई गई है।

हरीश कवासी लखमा ने कहा कि सुकमा आदिवासी बाहुल्य एवं दूरस्थ जिला है। यहां के युवा सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत कर शिक्षा और योग्यता हासिल करते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने जिले के आश्रम छात्रावासों एवं पोटाकेबिनों में बच्चों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय स्टाफ नर्सों की नियुक्ति को भी आवश्यक बताया। कांग्रेस ने मांग की है कि सीएचओ सहित अन्य पदों की शॉर्टलिस्टिंग और मेरिट निर्धारण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, प्रत्येक रिक्त पद के विरुद्ध नियमानुसार 10 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए तथा समान अंक होने की स्थिति में नियमानुसार स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिले। इसके अलावा भर्ती से संबंधित पात्र-अपात्र सूची और चयन प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि स्थानीय युवाओं के हित में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन करने को बाध्य होगी।

279 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website | + posts

Letest posts