June 12, 2026

मृत किसान के रुके बोनस में फर्जीवाड़े का आरोप, वारिसों ने तहसीलदार और एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

IMG_20260612_161442_copy_540x270

बिलासपुर । ग्राम निरतु निवासी स्वर्गीय किसान चन्दन लाल सोनी के वारिसों ने मृतक किसान के धान बोनस की राशि फर्जी तरीके से किसी अन्य व्यक्ति के खाते में हस्तांतरित किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत सकरी तहसीलदार एवं तखतपुर एसडीएम से की गई है, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार किसान चन्दन लाल सोनी द्वारा वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 में घुटकू उपार्जन केंद्र में धान की बिक्री की गई थी। उस समय सरकार परिवर्तन के कारण किसानों को मिलने वाली बोनस राशि का भुगतान नहीं हो सका था। बाद में भाजपा सरकार के पुनः सत्ता में आने पर वर्ष 2022-23 में पुराने लंबित बोनस का भुगतान किसानों के खातों में किया गया।

बताया गया कि जिन किसानों का निधन हो चुका था, उनके बोनस भुगतान के लिए उत्तराधिकारियों को वंशवृक्ष, आधार कार्ड, शपथ पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत कर सत्यापन कराना था। सत्यापन के बाद ही बोनस राशि उत्तराधिकारी के खाते में हस्तांतरित की जानी थी।

वारिसों का आरोप है कि स्वर्गीय चन्दन लाल सोनी की बोनस राशि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने खाते में ट्रांसफर करा ली गई। जब परिवार के सदस्य बोनस राशि की जानकारी लेने संबंधित कार्यालय पहुंचे तो उन्हें स्पष्ट जानकारी देने के बजाय टालमटोल किया गया।

पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा बोनस राशि वास्तविक उत्तराधिकारियों को दिलाने की मांग की है। शिकायत वर्तमान तहसीलदार सकरी एवं एसडीएम तखतपुर को सौंप दी गई है।

उल्लेखनीय है कि चन्दन लाल सोनी ग्राम निरतु, उपार्जन केंद्र घुटकू, जिला बिलासपुर के किसान थे। उनका किसान आईडी FC400290160468 था। अब मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

(नोट: यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होना शेष है।)

5 Views
WhatsApp Image 2025-01-27 at 23.54.03_6c0bd3c6
Website |  + posts

Letest posts