October 27, 2026

CG : बिना हेलमेट पुलिसवाले पकड़ाये, तो भरना होगा जुर्माना होगी विभागीय कार्रवाई, SSP के आदेश के बाद सकते में पुलिसवाले…

IMG_20250730_212932

रायपुर 30 जुलाई 2025। रायपुर में अब हेलमेट नियम तोड़ने पर सिर्फ आम जनता नहीं, बल्कि खाकीधारी भी नहीं बच पाएंगे। रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) लाल उम्मेद सिंह ने मंगलवार को एक सख्त आदेश जारी किया है, जिसके तहत पुलिस विभाग के हर अधिकारी और कर्मचारी के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

हेलमेट नहीं पहना तो भरना पड़ेगा 1000 रुपए का चालान
SSP के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, तो न सिर्फ 1000 रुपए का चालान कटेगा, बल्कि विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इस आदेश के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। अक्सर देखा गया था कि कई पुलिसकर्मी खुद ही नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना हेलमेट के बाइक या स्कूटी चलाते थे। अब उन्हें भी नियम का पालन करना होगा, नहीं तो विभागीय फटकार झेलनी पड़ेगी।

अब कौन करेगा पुलिस पर निगरानी?
हालांकि आदेश के साथ ही एक बड़ा सवाल भी उठ खड़ा हुआ है—निगरानी करेगा कौन? पहले भी जिला प्रशासन ने कलेक्टोरेट में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के प्रवेश पर रोक लगाई थी, लेकिन कई पुलिसकर्मी खुद इस नियम की अनदेखी करते रहे। यहां तक कि कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट वाहन चलाकर ड्यूटी पर पहुंचते हैं।

आदेश के बाद बढ़ी सतर्कता
इस आदेश के बाद कई पुलिसकर्मी जो पहले नियमों को हल्के में लेते थे, अब हेलमेट पहनकर ड्यूटी पर आना शुरू कर चुके हैं। प्रशासन इसे केवल हेलमेट तक सीमित न रखकर अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से जोड़कर देख रहा है।

605 Views
file_000000008064821189ecf67abfb06631
Website | + posts

Letest posts